शनिवार को छात्राओं ने दिया था धरना।
लखनऊ। हजरतगंज इलाके के नरही में स्थित सरकार की ओर से संचालित सहायता प्राप्त विद्या मंदिर गर्ल्स हाईस्कूल को खाली कराने के बाद शिक्षकों और प्रबंधकों में आक्रोश बढ़ गया है। दूसरी ओर छात्राओं और अभिभावकों ने भी कहा है कि अगर विद्यालय का ताला नहीं खोला गया तो मुख्यमंत्री आवास की ओर मंगलवार को कूच करेंगे।
इस बारे में विद्यालय की प्रबंधक संतोष रस्तोगी ने कहा कि सोमवार को पुलिस भर्ती परीक्षा के कारण विरोध प्रदर्शन नहीं होगा, लेकिन मंगलवार को छात्राएं अभिभावकों के साथ विद्यालय के गेट से मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करेंगी। उन्होंने बताया कि सभी 250 विद्यार्थियों के अभिभावकों का भी समर्थन मिल रहा है। शिक्षक और शिक्षक संगठन भी हमारे साथ हैं।
बता दें एडीएम कोर्ट के आदेश पर बीते दिनों हजरतगंज पुलिस की मौजूदगी में विद्यालय खाली करवा लिया गया था। इसके बाद से शिक्षकों और बच्चों में नाराजगी है। इससे पहले शनिवार को भी शिक्षकों के साथ छात्राएं व उनके अभिभावक धरने पर बैठे थे। छात्राओं ने प्रदर्शन के दौरान योगी सरकार से गुहार लगाते हुए कहा था कि हमारे विद्यालय पर जबरदस्ती कब्जा किया गया है, हम लोग अब कहां पढ़ने जाएंगे? वहीं छात्राओं के साथ धरने पर बैठे अभिभावकों का भी यही कहना है विद्यालय बंद हुआ तो हम अपनी बेटियों को नहीं पढ़ा पाएंगे।