लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में यूजीसी के अनुमोदन के बाद पांचों ऑनलाइन कोर्स में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। दाखिले के लिए विद्यार्थी को दूरस्थ शिक्षा ब्यूरो (डीईबी) और एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट पर पंजीकरण के बाद अपनी आईडी बनानी होगी। इसके बाद ही विद्यार्थी आवेदन प्रक्रिया पूरी कर फॉर्म भर पाएंगे।
लविवि दूरस्थ शिक्षा ब्यूरो (ऑनलाइन एजुकेशन) केंद्र के निदेशक प्रो. पीयूष भार्गव ने बताया, पाठ्यक्रमों में प्रवेश को लेकर दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं। विद्यार्थियों के लिए वेबसाइट luonlineeducation.in पर जानकारी उपलब्ध है। दाखिले के लिए पंजीकरण से पहले अभ्यर्थी को एबीसी और डीईबी आईबी पर आईडी बनानी होगी जिसे समर्थ पोर्टल के माध्यम से बना सकते हैं। समस्या आने पर विवि से संपर्क कर सकते हैं। जिन पांच नए कोर्स करने की अनुमति मिली है उनमें स्नातक स्तर पर बीबीए तीन वर्षीय कोर्स शामिल है। वहीं परास्नातक स्तर पर एमए अर्थशास्त्र, संस्कृत, अंग्रेजी और राजनीति विज्ञान शामिल हैं।
नए कोर्स के लिए यह होगा शुल्क
प्रो. भार्गव के मुताबिक, बीबीए कोर्स की फीस प्रति सेमेस्टर 15 हजार रुपये होगी। जबकि एमए के सभी कोर्स की फीस आठ हजार रुपये प्रति सेमेस्टर होगी। यह ऑनलाइन मोड में ही जमा की जाएगी। जबकि 250 रुपये आवेदन फॉर्म भरते समय पंजीकरण शुल्क भी अलग से जमा करना होगा और एलयूआरए पोर्टल पर भी पंजीकरण कराना होगा।
बीकॉम, एमकॉम में असाइनमेंट की तिथि जारी
लविवि ऑनलाइन एजुकेशन के तहत पहले से संचालित दोनों कोर्स बीकॉम और एमकॉम के लिए असाइनमेंट जमा करने की तिथि घोषित कर दी है। विद्यार्थी वेबसाइट पर विस्तृत जानकारी हासिल कर सकते हैं।