गोरखपुर के बिछिया निवासी रतना यहां गोमतीनगर विस्तार स्थित मानसून सैलून में मैनेजर थीं। उन्होंने सोमवार रात 25 सेकंड का वीडियो बनाया। इसमें वह रोते हुए आत्महत्या करने की बात कह रही थीं। यह वीडियो उन्होंने अपने दोस्तों को भेजा था। दोस्तों ने पुलिस को सूचना दी। सोमवार देर रात ढाई बजे पुलिस उनके फ्लैट पर पहुंची। दरवाजा तोड़ने पर रतना फंदे पर लटकी मिलीं।
इंस्पेक्टर सुधीर कुमार अवस्थी के अनुसार, रतना के मोबाइल फोन को कब्जे में लिया गया है। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। परिजनों को मामले की सूचना दे दी गई है। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
दोस्त को किया था फोन
छानबीन में सामने आया है कि रतना ने आत्महत्या से पहले दोस्त को फोन किया था। उन्होंने वीडियो में शरद सिंह, पल्लवी जोशी, वैशाली, मंगल यादव, इशांत शर्मा और शरद के पूरे परिवार को जिम्मेदार बताया। रतना ने शरद पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पल्लवी जोशी पर उन्हें पागल करने का आरोप है।