लखनऊ। गुडंबा इलाके में रविवार सुबह बाइक सवार दंपती की ईंट लदे ट्रैक्टर-ट्राॅली से टक्कर हो गई। हादसे में विकासनगर सेक्टर-4 निवासी राजेंद्र कुशवाहा (50) की मौत हो गई। पत्नी शालिनी मामूली रूप से घायल हो गईं। बांदा निवासी राजेंद्र कुशवाहा के बेटे रूपेश ने बताया कि पिता उत्तर प्रदेश वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन में क्लर्क थे।
रविवार सुबह मां शालिनी के साथ बाइक से बेहटा प्लाॅट देखने के लिए गए थे। लौटते समय लगभग 8:30 बजे गुडंबा के गढ़ी गांव के पास ईंट लेकर जा रहे ट्रैक्टर ट्राॅली की सामने से टक्कर लगी। हादसे में पिता और मां घायल हो गए। आरोपी चालक ट्रैक्टर-ट्राली छोड़कर भाग गया। पुलिस दोनों को ट्रामा सेंटर पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। डॉक्टरों ने राजेंद्र को देखते ही मृत घोषित कर दिया।