लखनऊ। केजीएमयू की लारी ओपीडी परिसर स्थित हॉस्पिटल रिवॉल्विंग फंड (एचआरएफ) का स्टोर अब 24 घंटे सातों दिन खुलेगा। काउंटर पर ऑनलाइन भुगतान की सुविधा भी रहेगी। इससे ओपीडी में आने वाले व भर्ती मरीजों को राहत मिलेगी। अभी तक रात में स्टोर बंद होने से तीमारदारों को दवा बाहर से महंगी दर पर लेनी पड़ती थी। मंगलवार को कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद ने स्टोर का शुभारंभ किया।
केजीएमयू के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने बताया कि लारी ओपीडी में खुला एचआरएफ स्टोर पहले हर दिन 150-200 मरीजों को सेवाएं देता था, अब इसकी क्षमता बढ़ाकर प्रतिदिन लगभग 800-1,000 मरीजों तक कर दी गई है। कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य मरीजों को बेहतर, सुलभ और मरीज केंद्रित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। एचआरएफ के अध्यक्ष प्रो. कुमार शांतनु ने कहा कि लारी में बढ़ते मरीज भार को देखते हुए इस स्टोर का विस्तार बेहद जरूरी था।
कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. ऋषि सेठी ने कहा कि ओपीडी में आने वाले अधिकांश मरीज गंभीर हृदय रोगों से पीड़ित होते हैं, जिनके लिए समय पर दवा उपलब्ध होना बेहद जरूरी है। एचआरएफ स्टोर के प्रारंभ होने से मरीजों और उनके परिजनों को उपचार स्थल के निकट ही जरूरी दवा मिल सकेंगी।