लखनऊ। विभूतिखंड के विनम्रखंड-3 निवासी होटल कारोबारी शिशीष कुमार सिंह (29) मंगलवार शाम घर में फंदे से लटकते मिले। पत्नी उन्हें अस्पताल ले गई, जहां उनकी मौत हो गई। पिता ने बहू और होटल मालिक पर बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। उधर, पत्नी का कहना है कि शिशीष ने आत्महत्या की है।
मूल रूप से बदायूं निवासी शिशीष के पिता विपिन कुमार सिंह ने बताया कि बेटे ने विकल्पखंड स्थित होटल को कुछ वक्त पहले लीज पर लिया था। दो महीने पहले होटल का कारोबार बंद कर दिया था। विपिन का आरोप है कि शिशीष ने मंगलवार सुबह 7:30 बजे मां को फोन कर बताया कि पत्नी और होटल मालिक से जान का खतरा है। मां को पिता के साथ लखनऊ आने के लिए कहा। यह भी बताया कि पत्नी कुछ माह से उस पर तलाक का दबाव बना रही है।
इसके बाद विपिन व उनकी पत्नी ने कई बार शिशीष को फोन किया, पर कॉल नहीं उठी। बहू को फोन किया तो उसने ठीक से बात नहीं की। शाम करीब 6.30 बजे बहू ने विपिन को फोन कर बताया कि उनका बेटा अब इस दुनिया में नहीं रहा।
परिजन लखनऊ पहुंचे तो पता चला कि शिशीष का शव लोहिया अस्पताल में है। विपिन ने बताया कि बेटे के गले, पैर में चोट के निशान थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैगिंग आया है। इंस्पेक्टर विभूतिखंड अमर सिंह का कहना है कि विपिन कुमार के आरोपों की जांच की जाएगी।
बीते वर्ष सितंबर में किया था प्रेम विवाह
विपिन ने बताया कि शिशीष ने बीते वर्ष सितंबर में प्रेम विवाह किया था। बहू उसके होटल में ही रिसेप्शनिस्ट थी। शादी के बाद शिशीष ने पत्नी की नौकरी छुड़वा दी थी। शादी के कुछ दिन बाद ही दोनों में अनबन शुरू हो गई। शिशीष की पत्नी का कहना है कि मंगलवार को उसका पति से झगड़ा हुआ था। इसके बाद शिशीष ने दूसरे कमरे में जाकर फंदा लगा लिया। वह लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल ले गईं, जहां शिशीष की मौत हो गई।