लखनऊ। रोशनी के पर्व दीपावली में अनहोनी की स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा संस्थान और सरकारी अस्पताल तैयार हैं। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह के निर्देश पर सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के साथ ही चिकित्सा संस्थानों में भी बेड आरक्षित किए गए हैं।
केजीएमयू में ट्रॉमा सेंटर के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रेमराज ने बताया कि ट्रॉमा सेंटर में चार बेड आरक्षित किए गए हैं। इसके लिए प्लास्टिक सर्जरी एंड बर्न यूनिट के विशेषज्ञ डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही नेत्र, हड्डी और त्वचा रोग विशेषज्ञों को भी अलर्ट किया गया है। लोहिया संस्थान के प्रवक्ता प्रो. भुवन चंद्र तिवारी ने बताया कि इमरजेंसी में 10 बेड आरक्षित किए गए हैं। विशेषज्ञ डॉक्टर ऑनकाॅल रहेंगे। पर्याप्त स्टाफ की ड्यूटी भी लगाई गई है।
बलरामपुर अस्पताल के सीएमएस डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी ने बताया कि अस्पताल में 50 बेड आरक्षित हैं। इसमें इमरजेंसी, सर्जरी, आईसीयू समेत दूसरे विभाग के बेड शामिल हैं। लोकबंधु अस्पताल के सीएमएस डॉ. अजय शंकर त्रिपाठी ने बताया कि 10 बेड आरक्षित किए गए हैं। सिविल अस्पताल में 20 और राम सागर मिश्र हॉस्पिटल में 20 बेड आरक्षित किए गए हैं। अस्पताल के सीएमएस डॉ. वीके शर्मा ने बताया कि यदि कोई अनहोनी होती है तो इसके लिए अस्पताल में तैयारी पूरी हैं।
यहां करें संपर्क
सीएमओ कंट्रोल रूम
05222622080
केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर
9453004209