राजधानी लखनऊ के माल थाना क्षेत्र के धनौरा गांव में सोमवार शाम सैदापुर चौकी इंचार्ज प्रिंस बालियान व सिपाही भागेश कुमार पर दबंगों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। दोनों की वर्दी फाड़ दी। पुलिस ने केस दर्ज कर दो को हिरासत में ले लिया है।
विज्ञापन
गांव निवासी बराती लाल ने सोमवार को महावीर के घरवालों के खिलाफ बेटी से गली गलौज व हत्या की धमकी देने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। सोमवार शाम चौकी इंचार्ज प्रिंस बालियान सिपाही भागेश के साथ जांच करने पहुंचे थे।
चौकी इंचार्ज बराती लाल से बात कर रहे थे तभी आरोपी महावीर भी पहुंच गया और गाली देने लगा। विरोध पर महावीर, उसका साथी आदर्श व उसके घरवालों ने बांका व धारदार हथियारों से चौकी इंचार्ज और सिपाही पर हमला कर दिया। वीडियो बनाने पर उनका मोबाइल छीन लिया। दरोगा का फोन भी छीन लिया। थाने से पहुंची फोर्स ने महावीर व आदर्श को हिरासत में ले लिया।