मलिहाबाद। रहीमाबाद के तरौना गांव में शनिवार तड़के मॉर्निंग वॉक पर निकले होमगार्ड बुद्धि पाल (55) को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। उन्हें सीएचसी मलिहाबाद में भर्ती कराया गया। वहां उनकी मौत हो गई। वह पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के आवास की सुरक्षा में तैनात थे।
बुद्धि पाल की पत्नी आशा ने बताया कि पति रोज की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। गांव के पास पेट्रोल पंप और होंडा एजेंसी के बीच तेज रफ्तार अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। ग्रामीणों व राहगीरों ने गंभीर हालत में उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया। सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। कुछ ही देर बाद बुद्धि पाल ने दम तोड़ दिया। परिवार में चार बेटियां ज्योति, रोशनी, मोहिनी, शिल्पी और बेटा दीपक है।
इंस्पेक्टर रहीमाबाद अरुण कुमार ने बताया कि घटनास्थल के पास से चार पहिया वाहन के कुछ क्षतिग्रस्त फाइबर के टुकड़े मिले हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। फुटेज में पिकअप दिखा है, जिसकी तलाश की जा रही है।