लखनऊ। गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में चल रहे तीन दिवसीय रश्मिरथी पर्व के तीसरे व अंतिम दिन रविवार को लोकमान्य गंगाधर तिलक के जीवन पर आधारित नाटक के मंचन के साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की कविताओं पर नृत्य नाटिका का मंचन किया गया। मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने दोनों ही महापुरुषों के जीवन को आदर्श बताया और उनके दिखाए गए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
स्वराज मेरा जन्मसिद्ध अधिकार है और मैं इसे लेकर रहूंगा... ये पंक्तियां जब नाटक के मंचन के दौरान गूंजीं तो पूरा जुपिटर हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। मुबीन खान के निर्देशन में नाटक स्वराज के प्रणेता लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक का मंचन हुआ। समारोह में बालवीर सिंह करुण की पुस्तक ‘पावन एक मशाल तिलक’, नालंदा प्रकाशन की ‘स्वराज्य’ और अटल स्वरांजलि कार्यक्रम के उपलक्ष्य में प्रकाशित स्मारिका ‘कदम मिलाकर चलना होगा’ का विमोचन किया गया।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि मुझे अटल जी के संरक्षण में एक छोटे से कार्यकर्ता के रूप में कार्य करने का अवसर मिला। स्नेह और प्रेम से भरा हुआ उनका व्यक्तित्व ऐसा था कि उस पर जितनी बातें की जाएं कम हैं। उन्होंने कहा कि यदि जीवन में सब कुछ पाने की इच्छा है, तो स्वामी विवेकानंद को पढ़ें। सतीश महाना ने चुटकी लेते हुए कहा कि पहले कहा जाता था कि स्पीकर वह व्यक्ति होता है जो कम बोलता है, लेकिन मेरे अध्यक्ष बनने के बाद कहा जाता है कि स्पीकर वह है जो बहुत बोल सकता है। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि राष्ट्रकवि दिनकर की वाणी में क्रांति और अग्नि का स्वर समाहित था। उनकी कविताएं प्रत्येक भारतीय में राष्ट्रीयता, न्यायप्रियता और सामाजिक चेतना जगाने वाले मंत्र हैं।
कदम मिलाकर चलना होगा... के साथ थिरके पांव
प्रसिद्ध कथक कलाकार पूनम शर्मा के निर्देशन में अटल स्वरांजलि नृत्य नाटिका का प्रदर्शन किया गया। प्रस्तुति में अटल बिहारी वाजपेयी की लोकप्रिय कविताओं पर प्रस्तुति हुई। नृत्य नाटिका में आओ फिर से दिया जलाएं, गीत नया गाता हूं, मौत से ठन गई और कदम मिलाकर चलना होगा समेत कई रचनाएं शामिल रहीं। इस दौरान कार्यक्रम संयोजक कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही और पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्वनी चौबे के अलावा भाजपा के अन्य नेता व पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना और मंत्री सुरेश खन्ना को अटल जी की तस्वीर देकर सम्मान
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना और मंत्री सुरेश खन्ना को अटल जी की तस्वीर देकर सम्मान