चुनाव आयोग ने पेट्रोल पंपों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फोटो वाले उज्ज्वला योजना के होर्डिंग्स हटाने के आदेश दिए हैं। साथ ही बैंकों में मोदी के फोटोयुक्त विज्ञापन भी हटाने को कहा है।
चुनाव आयोग ने यह कार्रवाई कांग्रेस की शिकायत पर की है। यूपी कांग्रेस के मीडिया इंचार्ज सत्यदेव त्रिपाठी ने मंगलवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी से उज्ज्वला योजना के होर्डिंग्स को लेकर शिकायत की। साथ ही बैंकों में भी मोदी की तस्वीर लगे विज्ञापन पर शिकायत दर्ज कराई।
कांग्रेस ने कहा कि आदर्श आचार संहिता लगी है। ऐसे में मोदी के तस्वीर वाले यह विज्ञापन हटने चाहिए। कांग्रेस ने यह शिकायत मुख्य चुनाव आयुक्त को भी भेजी थी।
चुनाव आयोग से निर्देश मिलने के बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी टी. वेंकटेश ने प्रदेश में पेट्रोल पंपों पर लगे उज्ज्वला योजना के होर्डिंग्स हटाने के आदेश दिए हैं।