प्रतिमा विसर्जन से लौट रहे मृतक हिस्ट्रीशीटर राजेश निषाद के भाई पिंटू निषाद पर सोमवार शाम कुछ युवकों ने रॉड व लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में पिंटू बाल-बाल बच गया लेकिन उसकी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर तीन के खिलाफ केस दर्ज उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
पिंटू निषाद निवासी कनीगंज ने बताया कि सोमवार शाम वह दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के उपरांत घर लौट रहे थे। तभी नयाघाट स्थित तुलसी उद्यान के पास तीन युवकों ने उनकी कार को रोकर उस पर रॉड व लाठी डंडे से हमला कर दिया। इस दौरान वह बाल-बाल बच गए लेकिन उनकी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने उसकी तहरीर पर आरोपी शिवम दूबे, आशीष तिवारी व राजेश वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक आशुतोष मिश्र ने बताया कि आरोपियों का पिंटू की कार चलाने वाले राहुल निषाद से विवाद था, कुछ दिन पूर्व उनका नागेश्वरनाथ के पास आपस में मारपीट भी हुई थी। सोमवार को आरोपी बदला लेने के लिए राहुल निषाद पर हमला करने का प्रयास किया था। संयोग से उस समय कार पर पिंटू भी सवार था। मामले की जांच की जा रहा है। उन्होंने इस घटना का हिस्ट्रीशीटर राजेश निषाद की हत्या के मामले से संबंध होने से इनकार किया।