लखनऊ के नाका के खुर्शीदबाग स्थित हिंदू समाज पार्टी के अध्यक्ष कमलेश तिवारी की दो युवकों ने हत्या कर दी। इस मामले में नाका पुलिस ने 13 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। सोमवार को नाका पुलिस ने इन सभी हत्यारोपियों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की है।
एडीसीपी पश्चिम विकास चंद्र त्रिपाठी के मुताबिक, मूलरूप से सीतापुर के महमूदबाद कस्ब निवासी कमलेश तिवारी खुर्शीदबाग में परिवार संग रहते थे। पिछले साल 18 अक्तूबर दोपहर में दो युवक उनसे मिलने आए थे।
इसके बाद घर के अंदर ही तिवारी की हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस मामले में हत्या, सबूत छिपाने व जालसाजी समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया था।
इस मामले में पुलिस ने अहमदाबाद ग्रीन ब्यू अपार्टमेंट निवासी अशफाक हुसैन, मोईनुद्दीन उर्फ फरीद, पठान रशीद, जिलानी पार्क गुजरात के फैजान मेंबर, सूरत के गांधीनगर जूना डिपो के मोहसीन सलीम शेख, नागपुर टाकली के सैयद आसिम अली, बरेली शाहाबाद के कैफी अली, बरेली के मो. नावेद, लखीमपुरखीरी के पठान मोहल्ला के रईस अहमद, बरेली के मो. आसिफ रजा, फतेहपुर हरगाव के यूसुफ खान, कर्नाटक के पुरानी हुबली निवासी मौलाना मो. जफर सादिक कुप्पेलर को आरोपी बनाया गया था।