प्रदेश में उच्च शिक्षा की राह और आसान होने जा रही है। प्रदेश में राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) के तहत 26 नए राजकीय डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे।
इसमें बीए की करीब 10,920 और बीएससी की 6240 सीटें होंगी। अधिकतर डिग्री कॉलेज छोटे जिलों में खोले जाएंगे ताकि गरीब मेधावी छात्र-छात्राओं की पढ़ने की राह और आसान हो सके।
उच्च शिक्षा विभाग ने डिग्री कॉलेज बनाने के लिए राजकीय निर्माण निगम व आवास विकास परिषद को कार्यदायी संस्था बनाया है।
इनका निर्माण इसी साल शुरू करते हुए एक साल के अंदर इसे पूर्ण कराने की तैयारी है। केंद्र सरकार प्राइमरी से लेकर उच्च शिक्षा के क्षेत्र में राज्य सरकारों को मदद कर रही है।
प्राइमरी शिक्षा के लिए सर्व शिक्षा अभियान, माध्यमिक शिक्षा के लिए राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान और उच्च शिक्षा के लिए राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान की शुरुआत की गई है।
केंद्र सरकार इस अभियान के तहत राज्यों के प्रस्ताव पर बजट मंजूर करती है।
राज्य सरकार ने प्रदेश के छोटे जिलों में रूसा के तहत नए राजकीय डिग्री कॉलेज खोलने का प्रस्ताव भेजा था, जिसे केंद्र ने मंजूर करते हुए धनराशि दे दी है।
इसके आधार पर अब छोटे जिलों में नए डिग्री कॉलेज खोलने की तैयारी है। इस डिग्री कॉलेज के निर्माण पर 12 करोड़ रुपये खर्च होगा।
इसमें पहले स्नातक स्तर की कक्षाएं शुरू की जाएंगी और जैसे-जैसे छात्र संख्या बढ़ती जाएगी वैसे-वैसे अन्य कक्षाएं शुरू की जाती रहेंगी।
यहां खुलेंगे कॉलेज
राजकीय महाविद्यालय सुकरौली कुशीनगर, राजकीय महाविद्यालय श्रावस्ती, राजकीय महाविद्यालय बाराखाल संतकबीरनगर, राजकीय महाविद्यालय हरिपुर निहस्था रायबरेली, राजकीय महाविद्यालय सेहमो बस्ती, राजकीय महाविद्यालय भोजपुर मुरादाबाद।
इसके अलावा राजकीय महाविद्यालय अरनिया बुलंदशहर, राजकीय महाविद्यालय कपुरी गोविंदपुर सहारनपुर, राजकीय महाविद्यालय मोहम्मदपुर शुमाली रामपुर, राजकीय महाविद्यालय पचमोहनी सिद्धार्थनगर, राजकीय महाविद्यालय पौनीकला सोनभद्र, राजकीय महाविद्यालय टोडरपुर हरदोई, राजकीय महाविद्यालय कुचलाई सीतापुर, राजकीय महाविद्यालय कुरसंडा हाथरस, राजकीय महाविद्यालय नाधा बदायूं में डिग्री कॉलेज खुलेंगे।
वहीं राजकीय महाविद्यालय गोसाईखेड़ा उन्नाव, राजकीय महाविद्यालय हसौर पुरेडलई बाराबंकी, राजकीय महाविद्यालय तरगवां जैथरा एटा, राजकीय महाविद्यालय बहुवा देहात फतेहपुर, राजकीय महाविद्यालय पिपहरी तिंदवारी बांदा, राजकीय महाविद्यालय कांट शाहजहांपुर, राजकीय महाविद्यालय ओडझार बिलसंडा पीलीभीत, राजकीय महाविद्यालय देवगनपुरा पनवाड़ी महोबा, राजकीय महाविद्यालय पुलवारा बार ललितपुर, राजकीय महाविद्यालय सुमेरपुर हमीरपुर तथा राजकीय महाविद्यालय बिसोहा गैसड़ी बलरामपुर में भी उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कॉलेज खोले जाएंगे।