इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने वह याचिका खारिज कर दी है जिसमें कोर्ट में राहुल कहां हैं यह पता करने की गुजारिश की गई थी। इस पीआईएल पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने कहा कि उसे इस बात में बिल्कुल दिलचस्पी नहीं है कि राहुल गांधी कहां हैं यह कोर्ट का मामला नहीं है।
एडवोकेट अशोक पांडेय ने लखनऊ हाइकोर्ट में एक याचिका दायर करते हुए पूछा था कि राहुल गांधी कहां हैं। याचिका में कहा गया है कि राहुल गांधी को एसपीजी सुरक्षा प्राप्त है इसलिए केंद्र सरकार को यह जरूर मालूम होगा कि वह कहां हैं।
सरकार का यह फर्ज बनता है कि राहुल गांधी को सुरक्षा दे। साथ ही केंद्र सरकार का यह फर्ज भी बनता है कि वह बताए कि राहुल गांधी इस समय कहां हैं और उनकी सुरक्षा का पूरा ख्याल रखा जा रहा है या नहीं?
इस याचिका पर 10 मार्च को कोर्ट ने सुनवाई करते हुए साफ कर दिया कि वह इस मामले में दिलचस्पी नहीं दिखाएगा। कोर्ट ने साफ कहा कि यह उसका काम नहीं है कि वह पता लगाए कि कौन कहां है?