जीजीआईसी में छात्राओं की श्ंकाओं का समाधान करते हेल्प डेस्कू में सम्मलित शिक्षक व शिक्षिकाएं
श्रावस्ती। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भिनगा में माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। यह हेल्पडेस्क बोर्ड परीक्षा की तैयारियों में जुटे छात्रों को तनाव मुक्त रखने में सहयोग करेगी। साथ ही उनकी समस्याओं को निस्तारित करने का काम करेगी। इसके लिए 10 विषय विशेषज्ञ शिक्षकों को तैनात किया गया है।
बोर्ड परीक्षा जैसे-जैसे नजदीक आती जा रही है, वैसे-वैसे छात्र परीक्षा की तैयारी में भी जुट गए हैं। छात्रों पर परीक्षा में सर्वश्रेष्ठ परिणाम को लेकर मानसिक दबाव भी होता है। ऐसे में छात्रों को परीक्षा की तैयारी, परिणाम व विषयगत समस्याओं से उबारने के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भिनगा में हेल्प डेस्क की स्थापना की गई है।
इसमें हाईस्कूल के लिए पांच व इंटरमीडिएट के लिए पांच विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की तैनाती की गई है। यह हेल्पडेस्क छात्रों को विभिन्न विषयों की तैयारी में आने वाली समस्याओं को सुनकर उसका निदान करेगी। साथ ही तनाव होने पर भी छात्र हेल्पडेस्क से संपर्क कर सकते हैं। इससे उन्हें समय रहते तनाव मुक्त किया जा सकेगा।
इन शिक्षकों की हुई तैनाती
हेल्प डेस्क कार्य दिवस में सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक कार्य करेगी। हेल्पडेस्क का नोडल अधिकारी अलक्षेन्द्र इंटर कॉलेज भिनगा के प्रधानाचार्य ज्योति प्रकाश पांडेय को बनाया गया है। हाईस्कूल के छात्रों के लिए गृह विज्ञान विषय की सरोजा देवी, कला के लिए ममता विमल, गणित के लिए राजेश कुमार मणि, विज्ञान के लिए मायाराम व अंग्रेजी विषय के लिए अंबरीश मिश्रा को जिम्मेदारी सौंपी गई है जबकि इंटरमीडिएट के छात्र इतिहास विषय की कल्पना देवी, गणित के लिए निकिता वर्मा, भौतिक विज्ञान के लिए पारुल मिश्रा, हिन्दी के लिए डॉ. रमेश कुमार व संस्कृत विषय की परमानंद से जानकारी ले सकते हैं। छात्र हेल्पडेस्क के ईमेल आईडी shravastidios7gmail.com पर अपनी समस्याओं को भेज कर समाधान ले सकते हैं।