श्रावस्ती। कानी बोझी चौराहे के पास मंगलवार देर शाम आमने-सामने दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। इसमें बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें सीएचसी मल्हीपुर लाया गया। जहां से एक की हालत गंभीर होने के कारण उसे मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मोहनपुर भरथा निवासी पुल्लू (35) मंगलवार देर शाम बाइक से कोदिया गांव अपनी ससुराल जा रहे थे। जैसे ही वह कानी बोझी चौराहा पहुंचे, तभी सामने से बाइक लेकर आ रहे कानी बोझी के मजरा प्रतापपुर निवासी नफीस अली (28) की बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई। घटना में पुल्लू, नफीस अली व उसका बहनोई गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से तीनों घायलों को सीएचसी मल्हीपुर लाया गया। जहां नफीस अली की हालत में सुधार न होता देख चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया।