लखनऊ। हैलो, क्या यूपी बोर्ड कंट्रोल रूम में फोन लगा है... मैं हाथरस से बोल रहा हूं। यहां सर्वोदय इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर नकल हो रही है। जांच कराइए और नकल को रोकिये। शिकायतकर्ता के फोन रखते ही अधिकारी सक्रिय हो गए और तुरंत सचल दल को परीक्षा केंद्र भेजा। 15 से 20 मिनट तक चली जांच में नकल के सुबूत नहीं मिले। राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम पर हरदोई, गाजीपुर, आजमगढ़, वाराणसी, सीतापुर सहित अन्य जिलों से भी परीक्षा में नकल की संभावना पर सूचनाएं दी गईं।
कंट्रोल रूम के प्रभारी विवेक नौटियाल ने बताया कि शुक्रवार को हाईस्कूल की गणित और इंटरमीडिएट की भौतिक विज्ञान की परीक्षा में सामान्य दिनों की अपेक्षा 10 से 12 शिकायतें मिली। प्रदेश के सभी डीआईओएस, जिला प्रभारी, केंद्र व्यवस्थापक और सचल दल को सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए। कंट्रोल रूप पर तैनात अधिकारी भी सक्रिय रहे।
नौटियाल ने बताया कि कंट्रोल रूम के टोल फ्री नंबर 18001806607 और 18001806608 पर नकल के साथ परीक्षा केंद्र के बाहर अव्यवस्था की शिकायतें भी आईं। कुछ शिकायतें ईमेल, सोशल मीडिया के माध्यम से भी आईं। इस पर संबंधित परीक्षा केंद्र पर सचल दल को तुरंत भेजा गया।