डॉक्टरों की लापरवाही से गर्भवती की मौत के मामले में सरकार ने 48 घंटे के भीतर कड़ी कार्रवाई करते हुए राम मनोहर लोहिया अस्पताल की दो महिला डॉक्टरों समेत दो नर्सों को निलंबित कर दिया है।
डॉक्टरों के खिलाफ की गई कार्रवाई की जानकारी देते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि चिकित्सा सेवा में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिन दो डॉक्टरों को निलंबित किया गया है, उनमें डॉ. शालू महेश और डॉ. शुभ्रा सिंह और नर्सों में अरुणिमा श्रीवास्तव और रेनू बरनवाल शामिल हैं।
सीतापुर, रामपुर के नसीरूद्दीन की पत्नी कलीमुन (24) प्रसव पीड़ा के बाद 22 अप्रैल की रात लोहिया अस्पताल के इमरजेंसी में पहुंची थी, लेकिन वहां तैनात महिला डॉक्टर ने उसका इलाज करने के बजाय उसे सिर्फ इंजेक्शन लगाकर दो घंटे तक बेंच पर बिठा दिया। दर्द में आराम होने पर उसे वापस घर भेज दिया गया।
23 अप्रैल की सुबह हालत बिगड़ने पर कलीमुन के पति व अन्य परिजन उसे लेकर फिर लोहिया अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने कलीमुन और उसकी कोख में पल रहे बच्चे को मृत घोषित कर दिया। इसपर परिवारीजनों ने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए अस्पताल में जमकर हंगामा भी किया था।