ठंड बढ़ने के साथ ही अस्पतालों में हृदय रोग के मरीज पहुंचने लगे हैं। सिविल, बलरामपुर और लोहिया अस्पताल में हृदय रोगियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।
हृदय रोग विशेषज्ञों का मानना है कि ठंड के समय बरती गई लापरवाही और खानपान में असंतुलन परेशानी का प्रमुख कारण है। हालात को भांपते हुए राजधानी के सरकारी अस्पतालों ने हृदय रोगियों के इलाज के लिए पूरी व्यवस्था कर ली है।
लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में छह बेड का स्पेशल कार्डियक वार्ड बनाया गया है। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ओंकार यादव ने बताया कि लोहिया संस्थान की मदद से छह बेड की यूनिट को चलाया जा रहा है जिससे हृदय रोगियों को इमरजेंसी ट्रीटमेंट दिया जा सके।
सिविल अस्पताल में 25 बेड की कार्डियक यूनिट में मरीजों की भीड़ देखते हुए आईसीयू यूनिट को भी अपडेट कर लिया गया है। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आशुतोष दुबे ने बताया कि कार्डियक वार्ड को जरूरी मशीनें और कार्डियक मॉनीटर उपलब्ध कराए गए हैं।
बलरामपुर अस्पताल में भी 20 बेड की कार्डियक और 12 बेड की आईसीसीयू यूनिट तैयार हैं। आईसीसीयू यूनिट में ईसीजी समेत कई नई मशीनों की खरीदारी कर ली गई है।