मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी।
- फोटो : amar ujala
कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव में जुटे सभी कर्मचारियों का योगी सरकार बीमा कराएगी। प्रदेश के मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी ने कहा है कि कोविड-19 महामारी से जंग में प्रत्येक कर्मचारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। जिस तरह केंद्र सरकार ने इस मुहिम में शामिल मेडिकल क्षेत्र से जुड़े समस्त कर्मियों के लिए बीमा योजना लागू की है, उसी तरह प्रदेश सरकार भी इस महामारी से बचाव में लगे प्रशासन, पुलिस और सभी फील्ड कर्मचारियों का बीमा कराएगी।
अमर उजाला से बातचीत में मुख्य सचिव ने कहा कि तब्लीगी जमात में शामिल जो भी व्यक्ति प्रदेश में आया है, उन तक पहुंचने और उनके संपर्क में आए प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचने की कोशिश हो रही है। उनकी जांच की जा रही है। सभी लोगों को क्वारंटीन किया जा रहा है। कोरोना का संक्रमण रोकने के लिए प्रत्येक केस को आइसोलेशन व इलाज के जरिए बढ़ने से रोका जाएगा।
प्रदेश में मेडिकल संसाधनों खास कर एन-95 मास्क व वेंटिलेटर की कमी पर मुख्य सचिव ने कहा कि सभी जरूरी सामग्री का पूरा इंतजाम किया जा रहा है। सरकार मेडिकल संस्थानों में वेंटिलेटर बढ़ाने का काम कर रही है। निजी स्वास्थ्य संस्थाओं में उपलब्ध वेंटिलेटर की सूचना इकट्ठा कर ली गई है। जैसी आवश्यकता होगी, उपयोग किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो हम निर्यात भी करेंगे। सूक्ष्म, लघु व मध्यम सेक्टर की इकाइयों से उत्पादन को लेकर भी बात हुई है। केंद्र सरकार से भी संपर्क में हैं।