प्रदेश में आधे-अधूरे पड़े कई स्वास्थ्य केंद्रों का काम अब जल्द ही पूरा
होगा। लोकसभा चुनाव नजदीक आते ही प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं पर फोकस
बढ़ा दिया है।
सरकार ने कई प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के लिए करीब 15 करोड़
रुपये जारी करने के साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों को निर्माण कार्य जल्द
पूरा करने को कहा है, ताकि प्रदेशवासियों को इनका लाभ मिल सके।
इनमें से आठ करोड़ रुपये बांदा में 100 बेड के अस्पताल को 300 बेड में उच्चीकृत करने के लिए दिए गए हैं।
बलिया में दो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी बजट खत्म होने के कारण
काम धीमा हो गया था। यहां जयप्रकाशनगर में 88 फीसदी तक काम पूरा हो चुका
है, जबकि चिलकहर में आधा ही काम हुआ है।
अब सरकार ने फिर 2.24 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। हमीरपुर, बांदा, बलिया व
शामली में बन रहे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के लिए भी 3.97 करोड़ रुपये
जारी किए गए हैं।
मिर्जापुर के पांच प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र थोड़े-थोड़े बजट के कारण अटके
हुए थे। सरकार ने इनके लिए बजट रिलीज कर तत्काल काम पूरा करने को कहा है।