इस बार हज पर जाने वाले आवेदकों के चयन के लिए कुर्रा (लॉटरी) का आयोजन दिसंबर के दूसरे सप्ताह में होगा। हज कमेटी ऑफ इंडिया मुंबई ने हज 2020 का एक्शन प्लान जारी कर आवेदन से लेकर हज यात्रियों की रवानगी की तिथि तय कर दी है। हज के लिए आवेदन 10 नवंबर तक सिर्फ ऑनलाइन भरे जा सकेंगे। आवेदन ऑनलाइन और एप के जरिए भी भरे जा सकेंगे।
जारी कार्यक्रम के मुताबिक यूपी से हज की पहली उड़ान 25 जून को राजधानी से रवाना होगी। इस बीच नवंबर से जनवरी के दौरान सऊदी अरब में हज यात्रियों के ठहरने के लिए होटलों व भवनों का चयन होगा। दिसंबर में हज कमेटी की टीम सऊदी अरब जाकर आजमीनों के मदीना में ठहरने के स्थानों को तय करेगी।
लॉटरी में चयनित हज यात्रियों को यात्रा की पहली किस्त के रूप में 81 हजार रुपये हज कमेटी के खाते में जमा करने होंगे। जनवरी में हज यात्रियों को प्रशिक्षण देने वाले ट्रेनरों को प्रशिक्षित दिया जाएगा। जनवरी से फरवरी के बीच में हज सेवकों का चयन होगा।
एक अप्रैल तक हज यात्रियों का टीकाकरण होगा और हज खर्च की दूसरी किस्त जनवरी से पहले जमा करानी होगी। 10 जनवरी तक आवेदकों को अपना पासपोर्ट व अन्य दस्तावेज जमा करने होंगे। हज यात्रियों को 25 जून से 27 जुलाई के बीच विमान से सऊदी अरब भेजा जाएगा। हज यात्रियों की सऊदी अरब से वापसी चार अगस्त से शुरू होगी।