लखनऊ। कैंट के संजोग छेत्री विहार कॉलोनी निवासी रितु ने सेना में हवलदार सोहन सिंह व उसके भाई कृष्णा पर कमांड अस्पताल के कर्मचारी पति संदीप को पीटने का आरोप लगाया है। रितु ने बुधवार को कैंट थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
रितु के मुताबिक 28 जुलाई की रात 8:30 बजे पति दोस्त के साथ घर के बाहर बैडमिंटन खेल रहे थे। तभी हवलदार का भाई कृष्णा वहां पहुंचा और अपनी बाइक खड़ी कर दी। पति ने बाइक दूसरी जगह खड़ी करने को कहा तो वह भड़क गया और पीटने की धमकी देते हुए वहां से चला गया। अगले दिन सुबह दस बजे पति की ड्यूटी कमांड अस्पताल के नेत्र विभाग में थी, तभी हवलदार सोहन सिंह और कृष्णा अस्पताल पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि विरोध करने पर कृष्णा और हवलदार ने संदीप को पीटना शुरू कर दिया। लोगों के इकट्ठा होने पर आरोपी भाग गए। रितु ने बताया कि पिटाई से पति की नाक टूट गई और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आईं। वह अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती हैं। थानाध्यक्ष गुरप्रीत कौर के मुताबिक मामले की जांच चल रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।