बाबरी मस्जिद के मुद्दई मो. हाशिम अंसारी ने कहा कि गोमांस को लेकर राजनीति की जा रही है। इस विषय पर पार्लियामेंट का सत्र बुलाया जाए और मुल्क में गो-वध पर रोक व गोमांस की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए।
देश से गोमांस का निर्यात भी बंद होना चाहिए। इसके बूचड़खानों के लाइसेंस निरस्त किए जाना चाहिए। देश में गोमांस पर मचे बवाल के बीच मंगलवार को बाबरी मस्जिद मामले के मुद्दई मो. हाशिम अंसारी (95) ने अमर उजाला से कहा कि गोमांस को लेकर देश में राजनीति बंद होनी चाहिए।
पूरे देश में गोवंश की हत्या पर रोक का कानून बनना चाहिए। गाय की रक्षा की जानी चाहिए, आवारा पशुओं का संरक्षण किया जाए। सरकार की जिम्मेदारी हो कि पशुशालाएं खोल कर गोवंश का संरक्षण करे।
हाशिम ने कहा कि मोदी विकास के एजेंडे पर सही काम कर रहे हैं, लेकिन उनके कुछ मंत्री ही सांप्रदायिक बातें कर उनके विकास कार्यक्रमों में बाधा पहुंचा रहे हैं।