लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में एक बेरोजगार युवक ने मोहल्ले की युवती से रिश्ता तय होने के बाद साथ घुमाने के साथ संबंध बना डाले। तिलक चढ़ने के तीन महीने बाद उसे रेलवे में टेक्नीशियन की नौकरी मिल गई।
उसके तेवर बदलने लगे और शादी से इन्कार कर दिया। युवती ने मंगेतर के परिवारीजनों से शिकायत की। पता चला कि नौकरी मिलने पर भाभी ने अपनी रिश्तेदार से शादी तय करा दी है। युवती ने शादी के बहाने पांच महीने यौनशोषण, तिलक के बाद रिश्ता तोड़ने व धमकी का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है।
राजाजीपुरम के शीतलापुरम निवासी युवती ने बताया कि उसके पिता की कई साल पहले मौत हो चुकी है। भाई ने मोहल्ले में रहने वाले इंटर पास युवक से आठ महीने पहले उसका रिश्ता तय किया था।
मंगनी के बाद युवक उसके घर आने-जाने लगा। साथ घुमाने ले जाता और रात को भी घर रुक जाता था। शादी पक्की होने की बात कहकर अक्सर संबंध बनाता रहा। इस बीच 24 मई को तिलक चढ़ा और शादी की तैयारी शुरू हो गई। दो महीने पहले युवक को रेलवे में टेक्नीशियन की नौकरी मिल गई।
उसके तेवर बदलने लगे। मंगेतर से दूरी बनानी शुरू कर दी। युवती ने उलाहना दिया तो मंगेतर ने शादी से इन्कार कर दिया। हैरत में पड़ी युवती ने नाराजगी की वजह पूछी, लेकिन वह टाल गया। युवती ने अपने भाई को जानकारी दी। इसके साथ मंगेतर से भाई व भाभी से शिकायत करने पहुंची। उन्होंने भी युवती को अपने घर की बहू बनाने से इन्कार कर दिया।