लखनऊ। गोमतीनगर इलाके में कार सवार शोहदों ने बाइक से जा रही युवती से छेड़छाड़ की। बाइक चला रहे भाई ने विरोध किया तो कार सवारों ने भाई-बहन को बीच सड़क पर पीट दिया। सूचना पर पुलिस ने छह घंटे की मशक्कत के बाद पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गोमतीनगर निवासी युवती के मुताबिक, सोमवार रात करीब 11 बजे भाई के साथ हजरतगंज किसी काम से जा रही थी। इस बीच कार सवार युवकों ने पीछा शुरू कर दिया। उसमें से एक ने कार से हाथ निकालकर छेड़छाड़ की कोशिश की। विरोध पर गाली-गलौज करते हुए ओवरटेक कर बाइक रोक ली। भाई के विरोध करने पर हाथापाई शुरू कर दी। उसको बचाने पर अश्लीलता की। चीख-पुकार सुनकर राहगीरों के रुकने पर शोहदे गाली देते हुए भाग गए। मंगलवार को थाने पहुंचकर युवती ने शिकायत दर्ज कराई।
एसीपी श्वेता श्रीवास्तव के मुताबिक, पीड़िता की शिकायत मिलने के छह घंटे के अंदर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गाड़ी नंबर के आधार पर सबसे पहले विक्रमादित्य मार्ग निवासी प्रमोद और उसके भाई शुभम को पकड़ा गया। उनकी निशानदेही पर कैंट निवासी फरदीन, गौतमपल्ली निवासी विकास सोनी और गोमतीनगर स्टेशन रोड निवासी राजू सोनी को पकड़ा गया। मुख्य आरोपी कार मालिक प्रमोद यादव ने ही युवती से अश्लीलता शुरू की थी। वारदात में प्रयुक्तकार को भी बरामद किया गया है।