रायबरेली जिले के चर्चित हरिओम वाल्मीकि हत्याकांड में अभी भी आठ हमलावर पुलिस की पकड़ से दूर फरार हैं। इन पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस प्रशासन अब फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का ईनाम घोषित करने की तैयारी में जुटा है। साथ ही इनकी धरपकड़ के लिए पुलिस पड़ोसी जिलों के अलावा गैर प्रांतों में भी दबिश दी जा रही है। फतेहपुर जिले के रहने वाले हरिओम की एक अक्तूबर की रात चोर समझकर लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी।
मामले के तूल पकड़ने के बाद पुलिस अब तक गदागंज थाना क्षेत्र के मखदूमपुर निवासी शिवप्रसाद अग्रहरि, ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के तुल्ला पट्टी मजरे दौलतपुर गांव निवासी लल्ली पासी, आशीष पासी, मिल एरिया थाना क्षेत्र के सरायं मुगल राही निवासी सुरेश गुप्ता के अलावा ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के डाड़ेपुर मजरे ईश्वरदासपुर निवासी वैभव सिंह, विपिन मौर्या उर्फ अनुज मौर्या, बाहरपुर गांव निवासी विजय कुमार मौर्या, सहदेव पासी, सुरेश कुमार मौर्या समेत 12 हत्यारोपियों को जेल भेज चुकी है। इस मामले में आठ हमलावर और शामिल थे, जिनकी पहचान पुलिस ने की है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों के नाम पते का खुलासा भी गोपनीयता का हवाला देते हुए नहीं कर रही है।
ये भी पढ़ें - रामनगरी अयोध्या ने तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड, इस वर्ष अब तक 22 करोड़ श्रद्धालु पहुंचे
ये भी पढ़ें - दिवाली पर घर आने वालों को तोहफा, ट्रेनों में तत्काल कोटे की चार हजार सीटें बढ़ेंगी; इन गाड़ियों में फायदा
ऊंचाहार पुलिस के अलावा एसओजी टीमें भी फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगाई गई हैं। विभागीय सूत्रों का दावा है कि पुलिस से बचने के लिए हमलावर सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, फतेहपुर के अलावा बिहार, मध्य प्रदेश प्रांत में शरण ले ली है। यही वजह है कि पुलिस उन तक पहुंच नहीं पाई है। सीओ डलमऊ गिरजाशंकर त्रिपाठी का कहना है कि फरार आरोपियों पर भी जल्द ईनाम घोषित किया जाएगा।