गत वर्ष की उपविजेता सहारा स्टेट ने जिला फुटबॉल लीग में अपना अभियान जारी रखते हुए गोल्डन बॉयज को 2-0 से पराजित किया।
एक अन्य मुकाबले में गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज ने चौक स्पोर्टिंग पर 1-0 से रोमांचक जीत दर्ज की। लखनऊ विश्वविद्यालय ग्राउंड में खेली जा रही प्रतियोगिता में बृहस्पतिवार का पहला मैच सहारा स्टेट और गोल्डन बॉयज के बीच खेला गया।
मैच की शुरुआत से ही सहारा स्टेट के खिलाड़ियों ने बेहतर आपसी तालमेल का प्रदर्शन करते हुए प्रतिद्वंद्वी टीम पर दबाव बना लिया।
खेल के 20वें मिनट में विनोद ने साथी खिलाड़ी के पास पर गोल करते हुए टीम को 1-0 से बढ़त दिला दी। दूसरे हाफ में भी सहारा स्टेट का पलड़ा भारी रहा, जबकि दूसरी ओर गोल्डन बॉयज खिलाड़ी गेंद को अपने हाफ से दूर रखने का प्रयास करते रहे।
खेल के 40वें मिनट में सहारा स्टेट का दूसरा गोल करने में सफलता मिली। यह गोल चेतन के नाम रहा। इसके बाद कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी।
दिन के दूसरे मुकाबले में मजबूत स्पोर्ट्स कॉलेज को चौक स्पोर्टिंग पर 1-0 से जीत दर्ज करने में पसीने छूट गए। विजेता टीम से यह गोल 25वें मिनट में वाजिद अली ने किया।
स्कूली बॉक्सिंग में एलएमएस का दबदबा
मेजबान लखनऊ मांटेसरी इंटर कॉलेज के छात्रों ने स्कूली बॉक्सिंग में धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए अधिकतर स्पर्धाओं में श्रेष्ठता साबित की। कॉलेज के क्रीड़ा प्रांगण में आयोजित प्रतियोगिता के 28-30 किग्रा में राहुल कनौजिया, 30-32 में अनुज विश्वकर्मा, 42-44 में अंकित गुप्ता, 46में धर्मेन्द्र कुमार रावत, 46-48 में अमित कुमार, 52-54 में सौरभ पाल, 54-57 में मोहम्मद आयुष सिंह राठौर, 60-63 में मनीष गुप्ता, 48-51 में खुर्शीद आलम अव्वल रहे।
इसके अलावा 36-38 किग्रा में महात्मा गांधी कॉलेज के आयुष कुमार, 57-60 में कालीचरण इंटर कॉलेज के मोहम्मद आमिर खान और 48 में हुसैनाबाद इंटर कॉलेज के शरशद अली सिद्दीकी ने बाजी मारते हुए पहला स्थान हासिल किया।