उत्तर प्रदेश से हज के लिए जाने वाले यात्रियों को जिलों में शिविर लगाकर ब्रांडेड बैग मुहैया कराए जाएंगे। बैग लेने के लिए हज यात्रियों को कवर हेड के साथ पासपोर्ट की फोटो कॉपी लाना जरूरी होगा।
दरअसल, हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज यात्रियों को अपना सामान ले जाने के लिए मानक तय किए हैं। इसके लिए उन्हें बाजारों में भटकने के बजाय जिलों में शिविर लगाकर बैग मुहैया कराने की योजना बनाई गई है। हालांकि, इसके एवज में हज यात्रियों से 5500 रुपये वसूले जाएंगे। राज्य हज कमेटी के सचिव एसपी तिवारी ने बताया कि प्रत्येक हज यात्री को एक बॉक्स मिलेगा जिसमें दो बैग होंगे।
प्रत्येक बैग में बैग टैग व पांच साल का वारंटी कार्ड होगा। उन्होंने बताया कि बैग लेने के लिए कवर हेड के साथ पासपोर्ट की फोटो कॉपी अवश्य लाना होगा। हज कमेटी ऑफ इंडिया से कवर हेड के रजिस्टर्ड मोबाइल पर प्राप्त रेफरेंस आईडी व बैगेज वितरण कंपनी से मिले ओटीपी को भी उपलब्ध कराना होगा।
विदेशी मुद्रा के लिए अपडेट कराएं पैन नंबर
हज कमेटी के सचिव ने बताया कि हज कमेटी ऑफ इंडिया ने प्रत्येक हज यात्री को मिलने वाली विदेशी मुद्रा के लिए पैन नंबर अपडेट कराना जरूरी किया है। प्रत्येक हज यात्री को 2100 सऊदी रियाल उड़ान स्थल पर उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने हज यात्रियों से पैन नंबर अपडेट कराने का अनुरोध किया है।