लखनऊ में हजरतगंज के वाईएमसीए चौराहे पर बसपा एमएलसी की गाड़ी एक स्कूटी सवार की गलती से फंस गई। इससे नाराज एमएलसी के गनर ने स्कूटी सवार युवक को पीट दिया। इस दौरान कुछ लोगों ने मामले का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
इसके बाद एसएसपी ने सिपाही के खिलाफ केस दर्ज करने का निर्देश दिया। सिपाही के खिलाफ हजरतगंज थाने में केस दर्ज कर लिया गया। वहीं, सीओ ने उसके निलंबन के लिए पत्र भी भेज दिया।
क्षेत्राधिकारी हजरतगंज अभय कुमार मिश्रा के मुताबिक, शुक्रवार रात को करीब आठ बजे वाईएमसीए चौराहे पर सिकंदरबाग की तरफ से सुल्तानपुर निवासी बसपा एमएलसी की एसयूवी आ रही थी।
दूसरी तरफ से एक स्कूटी सवार जा रहा था। चौराहे पर ही एसयूवी के सामने स्कूटी आने के कारण गाड़ी रुक गई। इससे चिढ़े एमएलसी के गनर कमलेश कुमार ने युवक की पिटाई कर दी। इस बीच वहां मौजूद लोगों ने वारदात का वीडियो बना लिया। जिसे तत्काल सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।