सपा से लोकसभा प्रत्याशी घोषित होने के बाद पहली बार सुल्तानपुर पहुंचे अतीक अहमद के काफिले में उनकी शोहरत के मुताबिक अत्याधुनिक असलहों की जमकर नुमाइश की गई।
काफिले के दो सौ से ज्यादा लग्जरी वाहनों से शहर में काफी देर तक जाम लगा रहा। अतीक के आगमन से लेकर रवानगी तक पुलिस नतमस्तक नजर आई।
सपा ने सुल्तानपुर से बाहुबली पूर्व सांसद अतीक अहमद को टिकट दिया है। टिकट के ऐलान के बाद रविवार को पहली बार अतीक का काफिला शहर पहुंचा तो समर्थक अत्याधुनिक असलहों से लैस थे।
सपा कार्यालय में आयोजित पार्टी पदाधिकारियों की बैठक के दौरान समर्थक असलहे लहराते टहलते रहे।
इस दौरान मंच पर जिले के तीन विधायक समेत कई वरिष्ठ सपा नेता मौजूद रहे लेकिन किसी ने इस ओर गौर करना मुनासिब नहीं समझा। और तो और कानून-व्यवस्था के लिए जिम्मेदार पुलिस भी बेबस नजर आई।
किसी ने असलहाधारियों को टोकने तक की जहमत नहीं उठाई। पुलिस ने यह भी नहीं जांचा कि असलहे वैध हैं या अवैध, जबकि काफिले की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन के कई अधिकारी व दारोगा मौजूद थे।
अतीक के काफिले में शामिल करीब दो सौ से अधिक लग्जरी वाहनों की वजह से छुट्टी के दिन भी शहर जाम चपेट में आ गया।
यह संयोग ही था कि सपा प्रत्याशी अतीक अहमद और ‘आप’ की दिल्ली में शानदार विजय के बाद उसके प्रवक्ता संजय सिंह जिले में एक ही दिन पहुंचे। लखनऊ से महज एक गाड़ी से जिले में दाखिल हुए संजय सिंह के साथ कोई तामझाम नहीं था।