सीएम योगी के काम की गुलाब देवी ने की तारीफ
गुलाब देबी अमर उजाला मेधावी छात्र सम्मान समारोह को बतौर विशिष्ट अतिथि संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि सीएम योगी आदित्यनाथ के रूप में एक दूरदर्शी निर्णय लेने वाला नेतृत्व उत्तर प्रदेश को मिला है। उनके नेतृत्व में माध्यमिक शिक्षा विभाग में काफी बदलाव व उन्नति हुई है। आज परीक्षाएं नकलविहीन हो रही हैं।
यूपी शिक्षा विभाग कर रहा उन्नति
मंत्री ने कहा कि नकल के खेल में शामिल लोगों, फिर चाहे वह अधिकारी ही क्यों न हों, कड़ी कार्यवाही की गई है। पहले कॉपियों के मूल्यांकन में ही महीनों लगते थे। किंतु विभागीय अधिकारियों ने पूरी लगन और ईमानदारी से काम किया। उन्होंने दिन-रात मेहनत की और समय से परिणाम दिया। इसका फायदा हमें सत्र को नियमित करने में मिला और नए सत्र की पढ़ाई भी शुरू करा दी है। इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई और तैयारी दोनों के लिए पर्याप्त समय मिलेगा। उन्होंने कहा कि अमर उजाला अपने सामाजिक सरोकारों की कड़ी में हर साल यह एक अच्छी और सराहनीय पहल करता है।
अमर उजाला के कार्यक्रम की सराहना
अमर उजाला की ओर से सम्मानित किए जाने से विद्यार्थियों का मनोबल और आत्मविश्वास बढ़ेगा। माध्यमिक शिक्षा मंत्री ने कहा कि पहले की परीक्षाओं को लेकर बच्चे काफी तनाव में रहते थे। सरकार बच्चों को तनावमुक्त होकर न सिर्फ परीक्षा देने बल्कि आगे बढ़ने में हर संभव सहयोग और मार्गदर्शन कर रही है। विभाग की ओर से इसके लिए काफी रचनात्मक पहल भी की जा रही है। अभिभावकों को भी इसमें सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।