जो युवा केवल किताबी कोर्स के चक्कर में अपने आसपास, गांव-समाज से खास वास्ता नहीं रखते, लेखपाल की नौकरी में उनकी राह कठिन हो सकती है।
सरकार लेखपाल भर्ती की जो नई नियमावली बना रही है, उसमें ग्रामीण समाज और विकास का भी 20 नंबर तय कर दिया गया है। इस नियमावली को जल्द ही कैबिनेट से पास करवाकर भर्ती शुरू करने की तैयारी है।
राजस्व विभाग में लेखपाल के करीब 7000 पद रिक्त हैं। इंटरव्यू का नंबर बढ़ाने के लिए सरकार लेखपाल भर्ती नियमावली में बदलाव कर रही है। वर्तमान में लेखपाल भर्ती के अंतर्गत 100 नंबर की चयन प्रक्रिया का प्रावधान है।
इसमें 90 नंबर की लिखित परीक्षा और दस नंबर का इंटरव्यू होता है। विभाग ने इंटरव्यू का नंबर 10 से बढ़ाकर 20 करने के लिए लिखित परीक्षा 80 नंबर की, कराने का फैसला किया है। लिखित परीक्षा के 80 नंबर का पेपर चार खंडों में होगा।