एक मंत्री दो विभागों के मालिक थे। उनको मिले एक प्रमुख सचिव साहब के पास भी दो विभागों का प्रभार था।
तैनाती के बाद दोहरे प्रभार वाले प्रमुख सचिव साहब जब दोहरे विभाग वाले अपने पुरबिहा मंत्री के यहां गए थे तो उन्हें एक समकक्ष पार्टनर भी वहीं मिल गए।
बातचीत में खुलासा हुआ कि पार्टनर अफसर मलाई वाले विभाग की चाहत में मंत्रीजी के यहां पहुंचा था।
मंत्री और दोनों अफसरों के बीच चना-भूजे की टेबल पर नमक हलाल और नमक हराम तक बात कैसे हुई थी, इसका खुलासा 30 जून को इसी कॉलम में किया गया था।
दोनों अफसरों के बीच शह-मात की नई तस्वीर ये है कि जो साहब साथी के मलाईदार विभाग वाली कुर्सी झटकने के प्रयास में थे, वे करीब-करीब कामयाब होते नजर आ रहे हैं।
प्रतिद्वंद्वी हाकिम से दो विभागों में से मलाईदार विभाग वाली कुर्सी छीनी जा चुकी है।
रणनीति के तहत चार्ज फिलहाल अस्थायी तौर पर अतिरिक्त प्रभार के रूप में दूसरे अफसर को दिया गया है, पर सियासी गलियारों में चर्चा है कि हटवाने वाले साहब जल्द ही मलाई खाने पहुंच सकते हैं।