बाराबंकी के जैदपुर थाना क्षेत्र के हरख रोड पर गुरुवार देर रात वाहनों की चेकिंग के दौरान बाइक पर बैठे दो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। वारदात में तीन सिपाही जख्मी हो गए और जवाबी फायरिंग में एक बदमाश भी घायल हो गया। दबोचा गया एक बदमाश आजमगढ़ जिले का रहने वाला है जबकि दूसरा मौके से भाग निकला।
पुलिस के मुताबिक गुरुवार देर रात बाइक से दो युवक जा रहे थे कि पुलिस टीम ने उन्हें चेकिंग के लिए रोका। लेकिन वे कुछ दूरी पर जाकर रुके। पुलिस वहां पहुंची और पूछताछ करनी चाही तो बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने उनपर फायरिंग कर दी।
फायरिंग से सिपाही सर्वेश कुमार सिंह, आशीष तिवारी और अमित सिंह घायल हो गए। पुलिस की जवाबी फायरिंग में रईस सना राज नामक बदमाश के दोनों पैरों में गोली लग गई। पुलिस ने बदमाश को हिरासत में लेकर उसे उपचार के लिए सीएचसी जैदपुर ले गई जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वारदात में दूसरा बदमाश मौके से भाग निकला।
थाना प्रभारी रत्नेश कुमार सिंह ने बताया कि घायल बदमाश आजमगढ़ के सरायमीर का रहने वाला है और उसके पास से पिस्टल और कारतूस भी बरामद हुआ है। वहीं दूसरी ओर फायरिंग होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर फोर्स तैनात की गई है।