मलिहाबाद क्षेत्र के रामपुर गांव में जानवर चरा रहे गांव के रविप्रकाश पुत्र महावीर को गांव के दबंगों ने पीटा, जिससे उसका सिर फट गया। लहूलुहान हालत में परिजनों के साथ थाने पहुंचे युवक ने तहरीर दी। आरोप है कि पुलिस ने तहरीर लेकर बिना मेडिकल व एफआईआर की कॉपी दिए ही वापस भेज दिया।
वहीं एक आरोपी को भी पुलिस ने थाने से ही छोड़ दिया। उसके बाद गांव पहुंचे आरोपी ने कार्रवाई न करने के लिए पीड़ित व उसके परिवार पर दबाव बनाया। इस पूरे मामले में ग्रामीणों का गुस्सा देखते हुए मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी नैमुल हसन ने आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कर पीड़ितों और ग्रामीणों को शांत कराया।
आरोप है कि रविप्रकाश गांव के बाहर जानवर चरा रहा था, तभी गांव के ही आदित्य प्रताप सिंह, रिंशु व कुलदीप एक बाइक आए से आए और गालियां देने लगे। विरोध पर सभी ने लात-घूसों व डंडो से पिटाई शुरू कर दी।
इससे रविप्रकाश का सिर फट गया और वह वहीं गिर गया। आरोप है कि दबंगों की इस प्रताड़ना से तंग महावीर व उसकी पत्नी ने बुधवार सुबह अपने ही बाग में फांसी का फंदा बना लिया। बताया जा रहा है कि वे खुदकुशी करने जा रहे थे लेकिन बाग में मौजूद ग्रामीणों ने रोक लिया।