क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी पीयूष वर्मा
- फोटो : amar ujala
प्रदेश में पासपोर्ट हासिल करने के लिए अब लम्बा इंतेजार नहीं करना पड़ेगा। आने वाले दिनों में आवेदन करने के बाद सात से दस कार्य दिवस में पासपोर्ट आवेदक के हाथ में होगा। ये संभव हो सकेगा विदेश मंत्रालय द्वारा तैयार कराई गई एम पासपोर्ट पुलिस एप के जरिए। इस एप का शुभारंभ पुलिस विभाग और विदेश मंत्रालय के अधिकारियों की मौजूदगी में शनिवार को शाम पांच बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने आवास पर करेंगे।
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी पीयूष वर्मा ने बताया कि अभी तक उत्तर प्रदेश में पासपोर्ट के लिए पुलिस सत्यापन रिपोर्ट आने में 15 से 20 दिन का समय लग जाता है। एम पासपोर्ट पुलिस एप के माध्यम से यही पुलिस सत्यापन 2 से 3 दिनों में संभव हो सकेगा।
अभी तक सत्यापन के लिए एसपी कार्यालय से संबंधित थाने के बीच मैन्युअल पत्राचार होता है। जबकि पासपोर्ट के लिए आवेदन करते ही संबंधित ज़िले के एसपी कार्यालय को सम्बन्धित व्यक्ति के सत्यापन के लिए रिक्वेस्ट पहुंच जाती है। नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक थाने पर टेबलेट उपलब्ध कराया जा रहा है।