गोंडा जिले के पिकौरा गांव के पास मोतीगंज व झिलाही रेलवे स्टेशन के मध्य दोपहर पौने तीन बजे चंडीगढ़ से चलकर डिब्रूगढ़ को जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने के बाद लोको पायलट (चालक) त्रिभुवन बुरी तरह से घबरा गये। किसी तरह मोबाइल से फोन पर मैकेनिकल विभाग को हादसे की जानकारी दी।
पूर्वोत्तर रेलवे के मैकेनिकल विभाग में तैनात रेल कर्मचारी योगेश शर्मा से उन्होंने रोते हुए पूरी घटना बताई। बातचीत का ऑडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस दौरान मैकेनिकल विभाग से योगेश लोको पायलट त्रिभुवन को बार-बार हिम्मत से काम लेने की सलाह देते सुने जा रहे हैं। कहा कि घबराइये नहीं आपके पास जल्दी ही रिलीफ टीम पहुंचेगी।
ये भी पढ़ें - गोंडा रेल हादसा: कटर व जेसीबी मशीनों से हटाए गये क्षतिग्रस्त डिब्बे, अब तक चार की मौत, सीधी की जा रही रेलवे लाइन
ये भी पढ़ें - सीएम योगी का बड़ा फैसला : कांवड़ मार्ग में दुकानों पर लिखना होगा नाम, हलाल प्रोडक्ट बेचने पर होगी कार्रवाई
एक और शव मिला अब तक चार लोगों की मौत
एक्सप्रेस ट्रेन हादसे में एक और रेलयात्री का शव मिला है। पलटे एसी कोच को हटाने के बाद गिट्टी और बजरियों के बीच यह शव दबा मिला है। रेलयात्री के शव की अभी पहचान नहीं हो पाई है। चार्ट से नाम व हुलिया का मिलान करके जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे में अब तक मृतकों की संख्या चार हो गयी।
रेल दुर्घटना में चार यात्रियों की जान जा चुकी है। कुल 33 घायलों में 31 रेल यात्रियों का सीएचसी मनकापुर, महाराजा देवीबख्श सिंह मेडिकल कॉलेज गोंडा और शहर के एक निजी हॉस्पिटल में इलाज जारी है। इसके अतिरिक्त मरणासन्न हालात में गोंडा से लखनऊ रेफर किये गये दो अन्य घायलों का ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में ऑपरेशन किया गया।