केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के साथ शनिवार को बरौलिया पहुंचे गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने पूर्व प्रधान की हत्या को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। कहा कि पूर्व प्रधान से उनकी 2014 के लोकसभा चुनाव में मुलाकात हुई थी। एक सवाल के जवाब में सावंत ने स्मृति का नाम लिए बिना कहा कि लोकल अथॉरिटी चाहेगी तो वे बरौलिया में शिक्षा व विकास का कार्य करेंगे। इस गांव को हमारे पूर्व सीएम ने गोद लिया था। इससे हमारा भावनात्मक लगाव है।
गोवा के सीएम प्रमोद सावंत शनिवार को स्मृति ईरानी के साथ अपने पूर्ववर्ती मनोहर परिकर की ओर से गोद लिए गांव बरौलिया पहुंचे। यहां सुरेंद्र के परिवारीजनों से मुलाकात कर बाहर आने के बाद प्रमोद सावंत ने मीडिया से बात की।
प्रमोद ने कहा कि वे 2014 के लोकसभा चुनाव में पहली बार अमेठी आए थे। वे यहां 22 दिन रहे थे और इसी दौरान सुरेंद्र सिंह से उनका परिचय हुआ था। सुरेंद्र को पार्टी का जुझारू कार्यकर्ता बताते हुए सीएम ने उनकी हत्या को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
सीएम ने कहा कि उनके पूर्ववर्ती मनोहर परिकर ने इस गांव को गोद लिया था। उन्होंने यहां विकास के कई काम कराए। सावंत ने स्मृति का नाम लिए बगैर कहा कि यदि लोकल अथॉरिटी चाहेगी तो गोवा सरकार बरौलिया में शिक्षा व विकास के नए आयाम स्थापित करने का काम करेगी। परिकर की ओर से बरौलिया में जूता-चप्पल वितरित करने व इस पर प्रियंका की टिप्पणी से जुड़े सवाल पर सावंत ने कहा कि आलोचना करने से बेहतर है कि किसी की मदद की जाए।