दहेज में कार न देने पर लड़की वालों को पीटा, बरात लौटी
लखनऊ। दुबग्गा में बृहस्पतिवार रात शादी समारोह चल रहा था। जयमाला हो चुका था। आरोप है कि नशे में धुत दूल्हा व उसके परिवार के लोग दहेज की मांग करने लगे। दुल्हन के पिता ने असमर्थता जताई तो दूल्हा पक्ष गाली-गलौज करने लगा। विरोध पर पीटना शुरू कर दिया।
इससे नाराज दुल्हन ने गहने उतार दिए और शादी करने से मना कर दिया। इस बीच किसी ने घटना की जानकारी दुबग्गा पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया। दुल्हन के पिता ने थाने में तहरीर दी है। बरात काकोरी से आई थी।
रातभर दुल्हन को मनाने की काफी कोशिश की गई। पर वह नहीं मानी और शुक्रवार तड़के बरात लौट गई। इंस्पेक्टर अभिनव वर्मा के मुताबिक बरातियों ने शराब के नशे में दुल्हन पक्ष से काफी अभद्रता की। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।