मिशन शक्ति के तहत लखनऊ में छात्राओं को एक दिन की बीएसए और एडी की कमान मिली। इस दौरान उन्होंने पत्रावली तलब कर पड़ताल की। सहायक अधिकारियों का परिचय भी लिया।
राजधानी लखनऊ में मिशन शक्ति के तहत बृहस्पतिवार को दो छात्राओं को एक दिन के लिए शिक्षा विभाग के महत्वपूर्ण अधिकारियों की कमान सौंपी गई। कस्तूरबा आवासीय विद्यालय में पढ़ने वाली कक्षा आठ की अंशिका गौतम बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) और कक्षा सात की छात्रा मुस्कान राठौर मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (एडी बेसिक) बनीं। दोनों छात्राओं ने संबंधित अधिकारियों से पत्रावली तलब कर पड़ताल की।
विज्ञापन
बेसिक शिक्षा अधिकारी राम प्रवेश ने छात्रा अंशिका को कार्य समझाए। छात्रा ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और पटल के बाबुओं के साथ बैठक कर कार्यों की समीक्षा की। उधर एडी बेसिक के रूप में छात्रा मुस्कान ने सहायक अधिकारियों का परिचय लिया।
जलभराव की समस्या सही कराने के दिए निर्देश
इस दौरान जिला समन्वयक बालिका ने जब एडी को परिचय दिया तो छात्रा ने कहा कि वह कभी उन्हें कस्तूरबा विद्यालय में दिखी नहीं। इस पर जिला समन्वयक ने स्थिति स्पष्ट की। एडी ने जिला समन्वयक बालिका को कस्तूरबा विद्यालय में जलभराव की समस्या को सही कराने के निर्देश दिए।