चकेरी में शादी के मात्र तीन महीने बाद बुधवार को विवाहिता की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। पड़ोसियों की सूचना पर मायके वाले जब घर पहुंचे तो महिला की लाश फर्श पर पड़ी थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई है। मायके वालों ने ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। चकेरी पुलिस ने पति, ससुर को हिरासत में लिया है।
श्याम नगर पीएसी 37वीं वाहिनी बटालियन निवासी महेश कुमार पीएसी में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। महेश ने मार्च 2016 को बड़े बेटे मनीष की शादी कानपुर देहात रसूलाबाद के रतनपुर गांव में रहने वाले ओमप्रकाश की बेटी ज्योति (19) से की थी।
ओमप्रकाश का आरोप है कि शादी के बाद से ही दामाद मनीष और परिजन दहेज के लिए बेटी को प्रताड़ित कर रहे थे। बुधवार शाम को एक पड़ोसी ने मायके वालों को फोन कर बताया कि ज्योति को ससुरालियों ने पीट-पीटकर मार डाला है।
यह सुनते ही पिता ओमप्रकाश सहित अन्य लोग उसकी ससुराल पहुंचे तो बेटी का शव फर्श पर पड़ा था। पूछताछ में ससुरालियों ने बताया कि हार्ट अटैक से ज्योति की मौत हो गई। शरीर पर चोट के निशान दिखाई देने पर मामला संदिग्ध लगा तो मायके वालों ने चकेरी पुलिस को मामले की जानकारी दी।
फोन में लगा रखा था रिकॉर्डर
- फोटो : getty
पुलिस ने जांच-पड़ताल करने के बाद पति मनीष और ससुर महेश को हिरासत में लिया। गुरुवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने से मौत की बात सामने आई, सिर और दाहिने हाथ पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। पिता ने दामाद मनीष, ससुर महेश, सास जयश्री, और तीन देवरों सहित ननद के खिलाफ दहेज हत्या की तहरीर दी है।
एसओ आलोक यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है।
ज्योति के पिता ने बताया कि बेटी की मौत से एक घंटे पहले फोन पर बात हुई थी। बातचीत के दौरान वह रो तो रही थी लेकिन बताया नहीं था। इसके कुछ देर बाद ही पड़ोसी ने हत्या की जानकारी दी तो पैरों तले जमीन खिसक गई।
पिता ओमप्रकाश ने बताया कि ससुराल वाले बेटी ज्योति को इतना प्रताड़ित कर रहे थे कि फोन पर मायके वालों से बात तक नहीं करने देते थे। इसके साथ ही फोन में कॉल रिकॉर्डर भी लगा रखा था।
अगर ज्योति मायके बात करती थी तो कॉल खत्म होने के बाद पति उसकी पूरी रिकॉर्डिंग सुनता था। जिससे वह ससुराल वालों के अत्याचारों को परिजनों से नहीं बात पाती थी।