अलीगंज में बुधवार की शाम बाइक सवार लुटेरों ने सहेली के साथ स्कूटी से घर जा रही कोचिंग संचालिका का पीछा किया। बाइक की पिछली सीट पर बैठे बदमाश ने गले पर झपट्टा मारकर चेन लूटी। बहादुर युवती ने एक हाथ से स्कूटी संभाली और दूसरे हाथ से लुटेरे को पकड़ कर जोरदार झटका मारा। दोनों लुटेरे बाइक समेत सड़क पर गिरे।
कोचिंग संचालिका ने राहगीरों की मदद से एक को धरदबोचा, जबकि दूसरा बाइक लेकर फरार हो गया। एसओ जयशंकर सिंह ने बताया कि अलीगंज निवासी कोचिंग संचालिका नीलम गुप्ता बुधवार शाम जानकीपुरम निवासी सहेली मोनिका के साथ स्कूटी से टेढ़ी पुलिया जा रही थीं। रास्ते में सेक्टर-जे स्थित में बाइक सवार दो बदमाशों ने उनका पीछा किया।
बाइक की पिछली सीट पर बैठे बदमाश ने राजकीय उद्यान के पास नीलम की सोने की चेन लूटने के इरादे से गले पर झपट्टा मारा। अचानक हमले पर नीलम ने बाएं हाथ से स्कूटी संभाली और दाहिनी हाथ से लुटेरे को पकड़कर झटका मारा। बाइक अनियंत्रित होते ही दोनों बदमाश सड़क पर जा गिरे।
स्कूटी रोककर फुर्ती से उतरी नीलम ने चेन लूटने वाले बदमाश को राहगीरों की मदद से पकड़ा। इस बीच दूसरा बदमाश बाइक लेकर भाग निकला। हत्थे चढ़े बदमाश को पुलिस के हवाले करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई।