केंद्रीय एमएसएमई राज्यमंत्री गिरिराज सिंह
- फोटो : amar ujala
गिरिराज सिंह ने कहा, केंद्रीय एमएसएमई मंत्रालय एरोमा मिशन के तहत मेंथा किसानों के लिए 300 प्रोसेसिंग यूनिट बनाकर देगा। यह किसानों की आय बढ़ाने का प्रयास है। एक प्रोसेसिंग यूनिट किसानों के एक क्लस्टर को दी जाएगी।
गिरिराज सिंह ने कहा कि मुझे बताया गया है कि किसानों की आय बढ़ाने में एरोमा मिशन फायदेमंद हो सकता है। एरोमा मिशन में सगंध तेलों के उत्पादन को बढ़ाने के प्रयास होने हैं। ऐसे में एरोमा मिशन में देशभर में बन रहे 300 क्लस्टर्स के पास अगर अपनी प्रोसेसिंग यूनिट होगी तो इससे किसानों का लाभ बढ़ जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि इंडस्ट्री को भी किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य को पूरा करने में सहयोग करना चाहिए। मेंथा में हम नंबर वन बन चुके हैं लेकिन एरोमा मिशन की मदद से दूसरे सगंध पौधों के उत्पादन में भी हमें ऐसा ही करना होगा। इस दौरान मंत्री ने अश्वगंधा व केवांच की उन्नत किस्में भी जारी की।
वहीं, विशिष्ट अतिथि प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि मेंथा से किसानों की आय बढ़ रही है। लेकिन, यही सफलता अगर नींबूघास, रोशाघास जैसी सगंध फसलें भी दें तो इससे किसानों की आय बढ़ाने का लक्ष्य पूरा होगा। उन्होंने कहा कि किसानों को इसके लिए भी जागरूक करना होगा कि वह सही फसल चक्र को ही अपनाएं। उन्होंने बताया कि 2019 में यूपी सरकार भी एक अंतर्राष्ट्रीय किसान मेला का आयोजन करने जा रही है। इससे दूसरे देशों में उपयोग हो रही तकनीक की जानकारी हमें मिल पाएगी।