लखनऊ। सीएएल जायंट्स और सीएएल रॉयल्स ने अपने मुकाबले जीतते हुए एपी स्पोर्ट्स ट्रॉफी के लिए खेली जा रही अंडर-13 रोहित चतुर्वेदी मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। जायंट्स ने सीएएल ग्लैडिएटर्स को 43 और रॉयल्स ने सीएएल यूनीकांस को 74 रन से हराया।
पहले मुकाबले में सीएएल जायटंस ने 23.1 ओवर में सभी विकेट खोकर 178 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज आदित्य प्रताप सिंह ने 78 गेंदों पर 19 चौकों की मदद से 100 रन की शतकीय पारी खेली। हर्षित ने चार और विराट पाल ने दो विकेट लिए। जवाब में सीएएल ग्लैडिएटर्स की टीम 24.2 ओवर में 135 रन बनाकर आउट हो गई।
अदित कपूर ने 31 और अर्पित मिश्रा ने 24 रन का योगदान दिया। हर्षित यादव ने पांच बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। दूसरे मुकाबले में सीएएल रॉयल्स की टीम 24वें ओवर में 136 रन बनाकर आउट हो गई। हर्षवर्धन पंत ने 41 और अनंत मिश्रा ने 37 रन बनाए। सारांश ने चार और प्रांजल व वंश ने दो-दो विकेट चटकाए। जवाब में सीएएल यूनीकांस की टीम 18.2 ओवर में 62 रन पर सिमट गई। वारिस अली ने चार और अरहान सिंह ने तीन विकेट झटके।