आखिरकार गुलाम अली की भारत में उनके चाहने वालों के बीच में महफिल सज गई। वे आज दोपहर को अमर उजाला के विशेष मेहमान बनकर लखनऊ पहुंचे। इस समय गुलाम अली होटल ताज में गजल पेश कर रहे हैं। यहीं पर दोपहर को अमर उजाला का एमएसएमई कान्क्लेव संपन्न हुआ था।
हाल ही में भारत आने को लेकर विवादों में आए मशहूर पाकिस्तानी गायक गुलाम अली अमर उजाला के कार्यक्रम में शिरकत करने लखनऊ पहुंचे। अमर उजाला के विशेष आग्रह पर बेहद कम समय में गुलाम अली ने न्योता स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में आने की मंजूरी दी।
इस मौक पर गुलाम अली ने सीएम अखिलेश यादव से भी मुलाकात की। सीएम अखिलेश ने उनका स्वागत किया। उन्होंने गुलाम अली का शुक्रिया अदा किया और कहा, गुलाम अली साहब का लखनऊ आना और यहां कार्यक्रम करना हमारी खुशनसीबी है।
बता दें कि पाकिस्तानी गायक गुलाम अली को भारत आने को लेकर विवादों में हैं। शिवसेना ने मुंबई और पुणे में गुलाम अली के प्रोग्राम का विरोध किया था। इसके बाद देशभर में इस बारे में बहस शुरू हो गई थी।
इस विवाद के बाद भी गुलाम अली ने अमर उजाला के इस आयोजन का न्योता स्वीकार करते हुए अपने आने के कार्यक्रम को सुनिश्चित किया। वह दोपहर करीब एक बजे अमौसी एयरपोर्ट पहुंचे जहां से वह सीधे अमर उजाला के आयोजन में पहुंचे। लखनऊ पहुंचने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री आवास जाकर सीएम अखिलेश यादव से मुलाकात भी की।
बता दें कि नौ अक्टूबर को गुलाम अली का मुंबई में होने वाला कार्यक्रम शिवसेना के विरोध के बाद रद्द कर दिया गया था। शिवसेना ने कार्यक्रम को बाधित करने की धमकी देते हुए कहा था कि जब तक सीमा पार से आतंकवाद नहीं रुकता तब तक पड़ोसी देश के किसी भी कलाकार को देश में प्रस्तुति देने की मंजूरी नहीं मिलेगी।