लविवि : योग दिवस पर होगी जियो टैग फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग
लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध महाविद्यालयों में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों की जियो टैग फोटोग्राफी और वीडियो रिकॉर्डिंग अनिवार्य होगी। कॉलेजों को निर्धारित स्थान से ली गई जियो टैग फोटो और वीडियो विश्वविद्यालय को भेजनी होगी, जिससे कार्यक्रम स्थल और समय की सटीक जानकारी मिल सके। इससे कार्यक्रम स्थल के संबंध गलत जानकारी या गुमराह नहीं किया जा सकेगा।
इस संबंध में कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय ने बुधवार को समीक्षा बैठक में निर्देश जारी किए। बैठक में तय किया गया कि लखनऊ, हरदोई, लखीमपुर, सीतापुर और रायबरेली जिलों के सभी संबद्ध महाविद्यालयों में कार्यक्रम का आयोजन सुबह 7 से 8 बजे के बीच किया जाएगा। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा।
प्रवक्ता प्रो. दुर्गेश श्रीवास्तव के अनुसार, योग दिवस पर भारत सरकार के मानक योग प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा। सूर्य नमस्कार और अन्य योगासन निर्धारित समय पर कराए जाएंगे। इसके बाद कुलाधिपति एवं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का संदेश ऑडियो और वीडियो मोड में प्रसारित किया जाएगा।
इस अवसर पर एनसीसी और एनएसएस के स्वयंसेवकों की विशेष भागीदारी रहेगी। योग दिवस 2025 की थीम योग फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ रखी गई है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कुलसचिव की ओर से सभी महाविद्यालयों को दिशा-निर्देश भेजे जा चुके हैं।
समीक्षा बैठक में प्रति कुलपति प्रो. मनुका खन्ना, कुलसचिव विद्यानंद त्रिपाठी, डीन योग प्रो. अशोक सोनकर, डीन अभिनव गुप्त संकाय प्रो. भुवनेश्वरी भारद्वाज, डीन एकेडमिक्स प्रो. गीतांजलि मिश्रा और डीन एडमिशन प्रो. पंकज माथुर उपस्थित रहे।