लखनऊ से गाजीपुर जा रही गाजीपुरा एक्सप्रेस की कपलिंग खुलने से इंजन आगे चला गया और सवारी डिब्बे रेल पटरी पर कुछ देर तक दौड़ते रहे।
घटना की जानकारी होते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया। स्टेशन मास्टर की सूचना के बाद इंजन को बैक कर लाया गया जिसके बाद कपलिंग जोड़कर ट्रेन को आगे रवाना किया गया।
लखनऊ-सुल्तानपुर रेलमार्ग पर गाजीपुरा एक्सप्रेस गाजीपुर जा रही थी। शुक्रवार शाम सवा छह बजे त्रिवेदीगंज रेलवे स्टेशन के पास कपलिंग खुल गई। इससे इंजन आगे चला गया और रेल पटरी पर 18 सवारी डिब्बे कुछ दूर तक दौड़ते रहे।
स्टेशन इंचार्ज सुभाष वर्मा ने वायरलेस पर इसकी सूचना इंजन के ड्राइवर को दी। इसके बाद इंजन बैक कर सवारी डिब्बों को जोड़ा गया। करीब 50 मिनट बाद ट्रेन रवाना की गई।
इस दौरान यात्री भयभीत होकर भगवान से प्रार्थना करते रहे। सवारी डिब्बों की स्पीड धीरे-धीरे कम होती गई। ट्रेन रुकने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।
त्रिवेदीगंज स्टेशन इंचार्ज सुभाष वर्मा का कहना है कि कपलिंग खुलने से सवारी डिब्बे पीछे रह गए थे। तत्काल इंजन के ड्राइवर को सूचना दी गई। कपलिंग खुलने का कारण का पता नहीं चल सका है।