एलडीए की अवैध निर्माण की सूची में खनन मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति से जुड़ी कंपनी एमजीए का भी नाम है। इस कंपनी का नाम 2011 में ही शामिल किया गया था, मगर अब तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
लोकायुक्त जांच शुरू होने के बाद प्राधिकरण पर अब दबाव है कि वह मंत्री की कंपनी के नाम पर दर्ज अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करे। वहीं किसान नेता हरिनाम वर्मा ने कहा है कि वह मंत्री की अवैध कॉलोनियों के खिलाफ आंदोलन छेड़ेंगे।
कई जगह ग्राम समाज की भूमि पर भी अवैध कब्जा कर लिया गया है। एलडीए की वेबसाइट पर अवैध निर्माण की सूची अपलोड है। इस सूची के आठवें पन्ने पर एमजीए कॉलोनाइजर का नाम तीसरे नंबर पर दर्ज किया गया है।
वर्ष 2011 में ही इस नाम को चिह्नित कर अवैध निर्माण सूची में शामिल किया गया था। इस कंपनी के निदेशक गायत्री प्रसाद प्रजापति ही हैं। आरोप है कि गोमती नगर विस्तार के गांव हरिहरपुर जमीन पर विकास कार्य, सड़क निर्माण और प्लॉटिंग अवैध तरीके से की गई।